currentindianews

Search
Close this search box.

Follow Us:

MP में चुनाव से पहले BJP की जन आशीर्वाद यात्राएं:3 सितंबर को अमित शाह करेंगे शुरुआत; कार्यकर्ता महाकुंभ में भोपाल आ सकते हैं PM मोदी

मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले BJP जन आशीर्वाद यात्राएं निकालेगी। 3 सितंबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह चित्रकूट से यात्रा की शुरुआत करेंगे। पार्टी पहली बार एक साथ 5 यात्राएं निकालने जा रही है। 17-18 दिन में ये यात्राएं 10,543 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी। 25 सितंबर को भोपाल में कार्यकर्ता महाकुंभ होगा।

पार्टी का दावा है कि महाकुंभ में प्रदेशभर से 10 लाख कार्यकर्ता जुटेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आ सकते हैं। मध्यप्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा, ‘इस बार हम पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे।’ मुख्यमंत्री पद पर चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में तोमर बोले, ‘अभी तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ही हैं।’

मुस्लिम वर्ग को टिकट दिए जाने के सवाल पर तोमर ने कहा कि भाजपा ‘सबका साथ-सबका विकास’ के आधार पर काम करती है। केंद्र और राज्य सरकार की हर योजना का लाभ सभी वर्गों के लोगों को मिलता है। किसी क्षेत्र से किसको टिकट देना या नहीं देना है, वहां की स्थिति पर निर्भर करता है। पिछली बार हमने भोपाल उत्तर से आरिफ बेग को टिकट दिया था।’

210 विधानसभा सीटों को कवर करेंगी यात्रा
BJP के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, ‘मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा नेतृत्व जन आशीर्वाद यात्रा निकालता है। इस यात्रा के जरिए हम हर विधानसभा तक पहुंचते हैं। कई बार चुनावों में विधानसभाएं छूट जाती थीं इसलिए इस बार प्रदेश में 5 यात्रा निकालेंगे।’

शर्मा ने कहा, ‘पांचों यात्राएं 10543 किलोमीटर चलकर कुल 210 विधानसभाएं कवर करेंगी। भोपाल और आसपास की विधानसभाएं समापन पर कवर की जाएंगी। इन यात्राओं का 998 स्थानों पर स्वागत होगा। इस दौरान कुल 678 जन सभाएं होंगी। इनमें 211 बड़ी सभाएं होंगी। यात्राओं में केंद्रीय नेतृत्व के साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, कैलाश विजयवर्गीय भी शामिल होंगे।’

कब और कहां से शुरू होंगी जन आशीर्वाद यात्रा

  • पहली यात्रा 3 सितंबर को चित्रकूट से शुरू होगी। इसका शुभारंभ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। यह यात्रा निवाड़ी से होकर भोपाल पहुंचेगी।
  • दूसरी यात्रा 4 सितंबर को खंडवा से शुरू होगी। दादा धूनी वाले का आशीर्वाद लेकर शुरू होने वाली यात्रा में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे।
  • तीसरी यात्रा 4 सितंबर को ही नीमच से शुरू होगी। इसमें भी केंद्रीय रक्षा मंत्री सिंह शामिल होंगे।
  • चौथी यात्रा 5 सितंबर से मंडला से शुरू होगी। जबलपुर होती हुई यात्रा भोपाल पहुंचेगी। इसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शामिल हो सकते हैं।
  • पांचवीं यात्रा 6 सितंबर को श्योपुर के बड़ौदा नगर से शुरू होगी, जो रायसेन होकर भोपाल पहुंचेगी। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा शामिल हो सकते हैं।

मंत्री भूपेंद्र सिंह संयोजक, समिति में 7 सदस्य
यात्रा के संयोजक मंत्री भूपेंद्र सिंह हैं। कमेटी में विनोद कोटिया, लता वानखेड़े, ओमप्रकाश धुर्वे, रामलाल रौतेल, महेंद्र सोलंकी, बृजेंद्र सिंह जादौन और अश्विनी राय शामिल हैं।

17-18 दिन की ये यात्राएं 21 सितंबर को खत्म होंगी। 25 सितंबर को भोपाल में कार्यकर्ता महाकुंभ के जरिए यात्राओं का समापन होगा। कार्यकर्ता महाकुंभ में कुल 6523 बूथ समितियां और करीब 10 लाख कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित कर सकते हैं।

पांचों यात्राओं के लिए टोलियां भी बनाईं

पार्टी ने पांचों यात्राओं के लिए अलग-अलग टोलियां बनाई हैं।

  • विंध्य से निकलने वाली यात्रा के संयोजक सतना सांसद गणेश सिंह एवं सह संयोजक बृजेंद्र प्रताप सिंह हैं।
  • महाकौशल से शुरू होने वाली यात्रा के संयोजक सांसद उदय प्रताप सिंह और सह संयोजक अभिलाष पांडे हैं।
  • इंदौर संभाग में निकलने वाली तीसरी यात्रा के संयोजक सांसद शंकर लालवानी एवं सह संयोजक जयपाल चावड़ा हैं।
  • उज्जैन संभाग में निकलने वाली यात्रा के संयोजक बंशीलाल गुर्जर और सह संयोजक तेज बहादुर सिंह हैं।
  • पांचवीं यात्रा ग्वालियर-चंबल से निकलेगी। इसके संयोजक रणवीर रावत और सह संयोजक मुकेश चौधरी हैं।
Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज